------------
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन--इसरो ने चन्द्रयान-2 का प्रक्षेपण तकनीकी गड़बड़ी के कारण स्थगित कर दिया है। इसे जीएसएलवी मार्क-3 के जरिए छोड़ा जाना था। मिशन नियंत्रण केन्द्र की घोषणा के बाद इसके प्रक्षेपण के निर्धारित समय आज तड़के दो बजकर 51 मिनट से 56 मिनट 24 सैकंड पहले प्रक्षेपण गिनती रोक दी गयी। इसरो के जनसंपर्क मामलों के सहायक निदेशक बी. आर. गुरुप्रसाद ने बताया कि प्रक्षेपण यान प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी का पता चलने पर इसे रोका गया--
A technical snag was observed in the launch vehicle system at three minus 56 minuets and as a measure of abundant precaution , Chanderyan -2 launch has been called off for today. Revised launch date will be announced later.
भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रूव तक पहुंचने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। ऑर्बिटर, लैंडर और रोवर तीन मॉड्यूल वाले चन्द्रयान-2 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अन्तरिक्ष केन्द्र से छोड़ा जाना था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी प्रक्षेपण को देखने के लिए श्रीहरिकोटा में थे। इसरो के पहले सफल चन्द्र मिशन चन्द्रयान-1 के 11 वर्ष बाद चन्द्रयान-2 को चन्द्रमा के दक्षिण ध्रुव का अध्ययन करना था। अगर भारत, चन्द्रमा के दक्षिण ध्रुव पर रोवर को उतार देता तो रूस, अमरीका और चीन के बाद ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाता। श्रीहरिकोटा से जय सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से बलबीर सिंह गुलाटी।
कर्नाटक में भाजपा ने मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी से तुरंत इस्तीफा देने या आज विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष बी. एस. येडियुरप्पा ने कहा है कि जनता दल सेक्युलर और कांग्रेस के 16 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है और दो निर्दलीय विधायकों ने सरकार से समर्थन वापस लेकर भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में वे कुमारस्वामी से आज विश्वासमत का सामना करने को कहेंगे। उन्होंने कहा कि 15 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा स्वीकार न किए जाने के निर्णय के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है। दूसरी ओर कांग्रेस ने आज सुबह बेंगलूरू में अपने सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। दो दिन के अवकाश के बाद कर्नाटक विधानसभा का सत्र आज से फिर शुरू हो रहा है।
इस बीच, कांग्रेस विधायक एस.टी. सोमशेखर ने कहा है कि बागी विधायकों के बीच कोई मतभेद नहीं हैं और वे इस मुद्दे पर एकजुट हैं। कल मुम्बई में उन्होंने कहा कि इस्तीफे वापस लेने का कोई सवाल ही नहीं है और वे अपने निर्णय पर अडिग हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच करतारपुर साहिब गलियारे के संचालन के तौर-तरीके तय करने के लिए कल पाकिस्तान के वाघा में दूसरे दौर की बातचीत हुई। इस बैठक में यात्रियों की सुविधाओं के समझौते के प्रारूप तथा तौरतरीकों पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही इस साल पहले हुई तीन दौर की तकनीकी बैठक के प्रगति की समीक्षा की गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान से अनुरोध किया कि वह पूरे वर्ष पवित्र गुरूद्वारे की सुचारू और बाधा रहित यात्रा पर श्रद्धालुओं की चिन्ताओं पर भी विचार करे। पांच हजार श्रद्धालुओं को गलियारा इस्तेमाल करने और भारतीय पासपोर्ट तथा ओसीआई कार्ड धारकों को सप्ताह में सातों दिन वीजा मुक्त यात्रा की अनुमति देने पर सहमति व्यक्त की गई।
सरोगेसी (नियमन) विधेयक, 2019 आज लोकसभा में पेश किया जाएगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन इसे पेश करेंगे। इसमें राष्ट्रीय और राज्य सरोगेसी बोर्ड बनाने और सरोगेसी की पद्धति और प्रक्रिया के नियमन के लिए उपयुक्त अधिकारियों की नियुक्ति करने जैसे प्रावधान शामिल हैं।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मोटर वाहन (संशोधन) विधेयक, 2019 आज लोकसभा में पेश करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह भी आज लोकसभा में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (संशोधन), विधेयक 2019 पेश करेंगे।
असम में 28 जिलों के 16 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल तथा स्थानीय प्रशासन ने कल लगभग नौ हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
राज्य में ब्रह्मपुत्र सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। अपर मुख्य सचिव कुमार संजय कृष्ण ने बताया कि स्थानीय प्रशासन को प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। 20 हजार लोगों को अस्थाई राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। बाढ़ के कारण कई फसलों को नुकसान पहुंचा है। गुवहाटी से मानस प्रतिम सरमा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से भवतारिणी।
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी वर्षा के बाद जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। राज्य के तराई क्षेत्र में स्थिति ज़्यादा खराब है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बहराइच जिले में नदी के कटाव के कारण तीन सौ एकड़ से ज़्यादा क्षेत्र में फसल नष्ट हो गई है।
हाल ही में हुई भारी बारिश ने प्रदेश में कई जिलों में खासतौर पर तराई के इलाकों में भारी तबाही मचाई है। बहराइच, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, गोंडा, बस्ती, बाराबंकी, मऊ और गोरखपुर जिलों में निचले इलाके पानी में डूब गये हैं। इन जिलों में घाघरा, राप्ती, कुआनो औऱ गंडक सहित लगभग सभी नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। नेपाल से आ रहा पानी भी नदियों का जलस्तर बढ़ा रहा है और इस पानी के चलते नेपाल सीमा से सटे इलाकों में कई संपर्क मार्ग बंद हो गये हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाये हुए है और इन इलाकों में जरूरतमंद लोगों को मदद मुहैया करा रहा है। सुशील चन्द्र तिवारी आकशवाणी समाचार, लखनऊ।
बिहार के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया और किशनगंज सहित दस जिलों में लगभग 18 लाख लोग बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। पिछले चार दिनों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 32 लोगों के मरने की ख़बर मिली है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कुमारहट्टी में कल चार मंजिला इमारत ढहने की दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इनमें एक नागरिक और सेना के छह जवान शामिल हैं। मलबे में सेना के कई जवान सहित कई लोगों के अब भी दबे होने से मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। अब तक 17 सैनिकों और 11 नागरिकों सहित 28 लोगों को बचा लिया गया है। तलाश और बचाव का काम जारी है।
कौशल भारत योजना की आज चौथी वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस अवसर पर देशभर में कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। नई दिल्ली में आज मुख्य समारोह में गृह मंत्री अमित शाह लोगों को सम्बोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत हर वर्ष करीब एक करोड़ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
महाराष्ट्र को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत वर्ष 2019-20 के लिए 55 हज़ार 709 व्यक्तियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य दिया गया है। यह प्रशिक्षण महाराष्ट्र राज्य कौशल विकास सोसायटी द्वारा दिया जाएगा। एक रिपोर्ट-
महाराष्ट्र राज्य कौशल्य विकास संस्था ने सन् 2016-2020 इस अवधि के दौरान कुल एक करोड़ 67 हजार 127 उम्मीदवारों को प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव रखा था। अब इनमें से यशो गाथाएं उभर रही हैं। पुणे की वैशाली नायक ने बीए में पदवी हासिल करने के बाद फैशन डिजाईनिंग का कोर्स इस योजना के तहत 2016 में किया। अब वे कुछ अन्य लड़कियों को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ हर महीना करीबन 40 हजार रूपये कमा रही हैं।
(मेरा नाम वैशाली सुरेश नाईक है, मैंने 2016 में प्रधानमंत्री कौशल्य विकास योजना के तहत फैशन डिजाईनिंग का कोर्स किया। धीरे-धीरे मैंने अपना कौशल्य बढ़ाया, मेरा काम भी बढ़ने लगा। आज मेरी पहचान फैशन डिजाईनर के रूप में हैं। वह सिर्फ प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के कारण।)
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय हैः ‘‘स्किल इंडिया - कौशल भारत कुशल भारत’’। यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा। श्रोता टेलीफोन नम्बर - 1 8 0 0 -1 1 - 5 7 6 7 और 0 1 1 - 2 3 3 1 - 4 4 4 4 पर कॉल कर विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं।
इंग्लैंड ने कल बेहद रोमांचक फाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराकर पहली बार विश्व कप क्रिकेट का खिताब जीता। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों टीमों के बीच मुकाबला टाई होने के बाद फैसला सुपर ओवर के ज़रिए हुआ।
इसे कहते हैं रोमांच की पराकाष्ठा। 44 साल के विश्व कप इतिहास में सबसे रोमांचक फाइनल में दो बार स्कोर बराबरी पर छूटने के बाद आखिरकार विजेता का फैसला सबसे ज्यादा चौके लगाने वाली टीम के आधार पर हुआ। उतार-चढ़ाव से भरे मैच में न्यूजीलैंड को आठ विकेट पर 241 रन पर रोकने के बाद, मेजबान टीम भी इसी स्कोर पर सिमट गई। मैन ऑफ द मैच बेन स्ट्रोक्स ने 84 रन की शानदार पारी खेल मैच को टाई कराया। सुपरओवर में इंग्लैंड ने 15 रन बनाए, जवाब में कीवी टीम भी 15 रन ही बना सकी। आखिरी गेंद पर न्यूजीलैंड को जीत के लिए दो रन चाहिए थे लेकिन गुप्टिल दूसरा रन लेने में रनआउट हो गये। इसके बाद मैच में 24 चौके लगाने वाली इंग्लैंड की टीम को विजेता घोषित किया गया। न्यूजीलैंड की टीम मैच में 16 चौके ही लगा सकी। इसी के साथ चौथी बार फाइनल खेल रही अंग्रेज टीम का खिताबी इंतजार भी खत्म हुआ। शशांक कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
करतारपुर कॉरिडोर पर भारत और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडलों की वार्ता अखबारों की अहम खबर है। दैनिक जागरण की सुर्खी है- करतारपुर कॉरिडोर पर झुका पाकिस्तान, भारत की ज्यादातर मांगें मानी, बिना वीजा रोज जा सकेंगे पांच हजार श्रद्धालु, अकेले या समूह में जाने पर भी सहमति।
कर्नाटक में सरकार बचाने की जद्दोजहद के बीच जनसत्ता का शीर्षक है- कांग्रेस के एक और विधायक मुंबई में। कांग्रेसी विधायक एम.टी.बी. नागराज को मनाने की कोशिश हुई नाकाम।
हिन्दुस्तान राहत शीर्षक से लिखता है- गरीब सवर्णों को उम्र में छूट देने की तैयारी। केन्द्रीय सामाजिक, न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने कार्मिक मंत्रालय को लिखा पत्र।
राजस्थान पत्रिका का शीर्षक है- उड़ती पतंगों से बनेगी बिजली, दो सौ वाट का उत्पादन चालू। पवन चक्की से भी है किफायती। केरल के युवा इंजीनियर ने बनाई ऊर्जा पतंग, स्टार्टअप मिशन देगा आर्थिक मदद।
दैनिक भास्कर ने झारखंड के बरतोली गांव का उल्लेख करते हुए लिखा है - फुटबॉल के कारण रुका आठ पंचायतों के 20 गांव में बाल विवाह, आज देशभर में साढ़े छह सौ लड़किया नाम रौशन कर रही हैं। देश-विदेश में खेल कर बना रही हैं अपनी पहचान।
नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- उपभोक्ता जवाब में देरी करें, तो भी मिले इंसाफ। राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम के फैसले को पलटते हुए सुप्रीम कोर्ट ने ग्राहकों के पक्ष में सुनाया अहम फैसला।