मुख्य समाचार
उच्चतम न्यायालय कर्नाटक के कांग्रेस विधायकों की उस याचिका पर कल सुनवाई करेगा, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष को उनके इस्तीफे स्वीकार करने का निर्देश देने की मांग की गई है।
सरोगेसी नियमन विधेयक--2019 लोकसभा में पेश।
थोक मुद्रास्फीति जून में लगभग दो साल के निचले स्तर दो दशमलव दो प्रतिशत पर आई।
असम और बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर। बचाव कार्य जारी।
निशानेबाजी में भारत ने जर्मनी में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप के दूसरे दिन छह पदक जीते।
-----------------------
उच्चतम न्यायालय कर्नाटक में कांग्रेस के पांच और बागी विधायकों की याचिका की सुनवाई कल करने पर सहमत हो गया है। कल ही उन दस विधायकों की लम्बित याचिका पर भी सुनवाई होनी है जिन्होंने न्यायालय से विधानसभा अध्यक्ष को उनका इस्तीफा स्वीकार करने का निर्देश देने की मांग की है। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पीठ ने पांच बागी विधायकों के वकील मुकुल रोहतगी की दलील पर गौर किया कि इन विधायकों को भी लम्बित याचिकाओं में पक्षकार बनाया जाना चाहिए।
कांग्रेस के इन पांच बागी विधायकों ने भी विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा स्वीकार नहीं किये जाने के खिलाफ शनिवार को उच्चतम न्यायालय में याचिका दी थी।
न्यायालय ने शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष के.आर. रमेश को मंगलवार तक सत्तारूढ़ कांग्रेस - जनता दल सेक्युलर गठबंधन के दस बागी विधायकों के इस्तीफों और उन्हें अयोग्य ठहराये जाने पर कोई निर्णय लेने से रोक दिया था।
अयोध्या में विवादित ढांचा गिराये जाने के मामले की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश ने सुनवाई पूरी करने के लिए छह महीने का समय मांगने वाली याचिका आज उच्चतम न्यायालय में दाखिल की। अपने पत्र में विशेष न्यायाधीश ने न्यायालय को बताया कि वे इस वर्ष 30 सितम्बर को सेवानिवृत हो रहे हैं।
सर्वोच्च न्यायालय ने दुष्कर्म मामले में आसाराम की जमानत याचिका खारिज कर दी। आसाराम के खिलाफ यह मामला गुजरात में दर्ज किया गया था। गुजरात सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने न्यायमूर्ति एन.वी.रामना की अध्यक्षता वाली पीठ को बताया कि इस मामले में सुनवाई जारी है और दो सौ दस गवाहों से अभी पूछताछ की जानी है।
प्रवर्तन निदेशालय ने अगुस्ता वेस्टलैंड हैलीकॉप्टर सौदा घोटाला मामले में सरकारी गवाह बने बिचौलिये राजीव सक्सेना की जमानत रद्द कराने के लिए दिल्ली की एक अदालत में आज याचिका दाखिल की। निदेशालय ने कहा कि सक्सेना जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। विशेष न्यायाधीश अरविन्द कुमार ने सक्सेना को नोटिस जारी करते हुए मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को तय की।
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने आज लोकसभा में सरोगेसी नियमन विधेयक 2019 पेश किया। पिछली लोकसभा से यह विधेयक पारित हो चुका था, लेकिन लोकसभा भंग होने के कारण यह अमान्य हो गया। इसके माध्यम से भारत में कमर्शियल सरोगेसी को प्रतिबंधित किया जाना है।
यह विधेयक केन्द्र स्तर पर नेशनल सरोगेसी बोर्ड तथा राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में राज्य सरोगेसी बोर्ड और समुचित प्राधिकरण गठित कर सरोगेसी पर नियमन का प्रावधान करता है। इसका उद्देश्य सरोगेसी पर प्रभावी नियमन के साथ-साथ कमर्शियल सरोगेसी पर पाबंदी लगाना और नैतिक सरोगेसी की अनुमति देना है।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण -एन आई ए 2019 संशोधन विधेयक आज लोकसभा में गृह राज्यमंत्री जी0 किशन रेड्डी ने पेश किया। विधेयक प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि संशोधन से जांच एजेंसी को मजबूती मिलेगी और आतंकवाद से जुड़े मुद्दों की जांच में तेजी आयेगी।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज लोकसभा में मोटरवाहन संशोधन विधेयक 2019 पेश किया। यह विधेयक मोटरवाहन अधिनियम 1988 में संशोधन करेगा। संशोधन में प्रस्तावित बदलावों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर दंड में बढ़ोतरी, थर्ड पार्टी बीमा संबंधी मुद्दों के समाधान, कैब संचालकों पर नियमन और सड़क सुरक्षा उपाय शामिल हैं।
वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने आज लोकसभा को बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की तीन बीमा कंपनियों को मिलाकर एक कंपनी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नैशनल इंश्योरेंस, युनाइटेड इंडिया एश्योरेंस और ओरियंटल इंडिया इंश्योरेंस कंपनी को एक कंपनी बनाया जाएगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय वायुसेना के विमान ए एन-32 उड़ान भरने में पूरी तरह सक्षम हैं। राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वर्तमान में वायुसेना के पास118 ए एन-32 विमान हैं जो काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 55 विमानों का नवीनीकरण किया गया है। इसका अर्थ यह नहीं है कि जिन विमानों का उन्नयन नहीं हुआ है वे काम नहीं कर रहे हैं।
थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति में लगातार दूसरे महीने गिरावट का रूख रहा। यह जून महीने में पिछले 23 महीने के सबसे निचले स्तर दो दशमलव शून्य दो प्रतिशत पर रही। आज जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति मई महीने में दो दशमलव चार पांच प्रतिशत थी। जबकि पिछले वर्ष के जून महीने में यह पांच दशमलव छह आठ प्रतिशत थी। खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति में बेहद मामूली गिरावट आई और यह मई महीने के छह दशमलव नौ नौ प्रतिशत से कम होकर जून में छह दशमलव नौ आठ प्रतिशत पर आ गई।
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। नये इलाकों में भी पानी भर गया है। ब्रह्मपुत्र सहित कई नदियों में जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। राज्य में कई महत्वपूर्ण सड़कों के जलमग्न होने से वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। लगभग 90,000 हेक्टेयर कृषि भूमि, मछली पालन क्षेत्र, सड़क, पुल, वन्यजीव अभयारण्य, शैक्षणिक संस्थान और आवासीय इलाकों को नुकसान पहुंचा है।
राज्य के 28 जिलों के 26 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। विस्थापितों के लिए विभिन्न जिलों में राहत शिविर लगाए गए हैं। राष्ट्रीय और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें राहत और बचाव कार्यों में लगाई गई हैं।
मेघालय में पिछले सात दिनों से लगातार बारिश जारी है। राज्य की दो नदियों का जलस्तर बढ़ने से पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले के मैदानी इलाकों में बाढ़ आ गई है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि एक लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राजधानी शिलंग के निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ पीडि़तों को निकालने के प्रयास किये जा रह हैं और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
राज्य सरकार ने पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले के बाढ़ प्रभावितों के लिए सात दिन की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
उधर, अरूणाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में तेज वर्षा हो रही है। हालांकि राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया है कि प्रमुख नदियों और उनकी सहायक नदियों का जलस्तर अब उतार पर है। राज्य में बाढ़ और भू-स्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए जोर-शोर से काम जारी है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कुमारहट्टी में भारी बारिश के कारण कल चार मंजिला इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या 13 हो गई है। मृतकों में एक महिला और सेना के बारह जवान शामिल हैं। मलबे में सेना के जवानों सहित कई लोगों के फंसे होने से मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से---
मलबे में फंसे 42 लोगों में से 17 जवानों और 11 घायल नागरिकों को निकाला जा चुका है। जबकि एक सेना के जवान के लिए अभी भी बचाव कार्य जारी है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में हो रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और घायलों का कुशल क्षेम पूछा। मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा --
जो घटना हुई है उसकी मैजिस्ट्रेरियल इंक्वायरी के हमने आदेश किये हैं और उसके साथ साथ जिनका ये मकान था उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर दी है। सारी बातों की जांच का एक अलग विषय है। लेकिन फिलहाल रेस्क्यु ऑपरेशन चल रहा है। संजीव सुंद्रियाल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
बिहार में दस जिलों में बाढ़ की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। केन्द्रीय जल आयोग ने कहा है कि भारी वर्षा के कारण बागमती, गंडक, महानन्दा, कमला बालान और लालबकिया नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ से सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी और पूर्वी चम्पारन जिले में भारी तबाही हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 32 लोगों की मौत की खबर है और कई लोगों के बह जाने की आशंका है।
उत्तरी बिहार में नदियों में उफान के कारण कई तटबंधों में दरारें आ गई हैं। बाढ़ से 55 ब्लॉकों में 18 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि चालीस हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में शरण दी गई है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक किचन और आश्रय स्थल बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में बाढ़ से विस्थापित लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। इधर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सशस्त्र सीमा बल की टीमों ने बाढ़ से घिरे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान तेज कर दिया है। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी वर्षा के बाद कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। राज्य के तराई क्षेत्र में स्थिति ज़्यादा खराब है। नेपाल से आ रहे पानी के कारण भी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है।
नेपाल में पिछले पांच दिनों से हो रही तेज वर्षा से जुड़ी घटनाओं में 67 लोगों की मौत हो गई है। तीस लोग अब भी लापता हैं और 43 लोग बाढ़ और भू-स्खलन से घायल हुए हैं। 28 जिलों में बृहस्पतिवार से भारी बारिश के कारण सैंकड़ों मकान ध्वस्त हो गये और हजारों लोग बेघर हो गये। बाढ़ से देश के अधिकांश हिस्सो में यातायात, विद्युत और पेयजल आपूर्ति में बाधा आई है।
बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
वर्षा जल संचयन इस समय की सबसे बड़ी जरूरत है। भविष्य में जल संकट की आशंका को देखते हुए यह और भी महत्वपूर्ण हो गया है। गुजरात के पोरबंदर में महात्मा गांधी के निवास कीर्ति मंदिर में दो सौ वर्ष पुराना जलाशय वर्षा जल संचयन का बेहतरीन उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी आकाशवाणी पर प्रसारित मन की बात कार्यक्रम में इस जलाशय के बारे में विशेष चर्चा की थी। एक रिपोर्ट--
जब हम पोरबंदर में महात्मा गांधी जी के घर खित्ती मंदिर में प्रवेश करते हैं तो कोने में स्थित 200 साल पुरानी भूमिगत पानी की टंकी हमारा ध्यान आकर्षित करती है जिससे पता चलता है कि जल संरक्षण में महात्मा गांधी जी का परिवार कितना दूरदर्शी था। पोरबंदर के प्रसिद्ध इतिहासकार नरोत्तम पलाण ने इस टंकी के बारे में बात करते हुए कहा-
गांधी जी के घर का टंका आज सबसे अच्छा उदाहरण है। सब को देखने लायक है और जो टंका का पानी बिल्कुल भी बिगड़ता भी नहीं है क्योंकि ऊपर नीचे सब तरह चूना का प्लास्टर करके, जिसमें दस-दस बारह-बारह वर्ष तक पानी का संग्रह रहता है। घर की रसोई भी बरसात के पानी में ही होती थी और बरसात का पानी कितना कीमती है। किस तरह इक्ट्ठा किया जाए उसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
वर्तमान स्थिति में ऐसी भूमिगत टंकियों का निर्माण समय की जरूरत है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
भारत ने जर्मनी के सुहल में (ISSF) जूनियर निशानेबाजी विश्व कप के दूसरे दिन दो स्वर्ण सहित छह पदक हासिल किए हैं। पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में गौरव राणा ने स्वर्ण पदक जबकि अर्जुन सिंह चीमा ने रजत पदक जीता है। इन दोनों ने विजयवीर सिद्धू के साथ मिलकर इस प्रतियोगिता में टीम इवेंट का स्वर्ण पदक भी हासिल किया। महिलाओं की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में, प्रिया राघव ने रजत और जबकि विभूति भाटिया ने कांस्य पदक जीता है। उन्होंने हर्षदा निथवे के साथ टीम इवेंट का रजत पदक हासिल किया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कलराज मिश्रा को हिमाचलप्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति भवन की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आचार्य देवव्रत को हिमाचलप्रदेश से स्थानांतरित करके गुजरात का राज्यपाल बनाया गया है।
कौशल भारत योजना की आज चौथी वर्षगांठ पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। मुख्य समारोह नई दिल्ली में होगा जिसे गृह मंत्री अमित शाह सम्बोधित करेंगे।
राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन 2015 में आज ही के दिन शुरु किया गया था।
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें आवश्यक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने की कई पहल कर रही है। लोकसभा में मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों से सम्पर्क मजबूत करने के लिए प्रत्येक संस्थान में उद्योग प्रकोष्ठ हैं।
जम्मू कश्मीर में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 27 सैक्टरों में 54 केन्द्रों के माध्यस से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य बड़ी संख्या में अर्द्धकुशल, अकुशल और बेरोजगार युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जाना है, ताकि वे बेहतर जीविका हासिल कर सकें। एक रिपोर्ट--
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत दूसरे बैच में उम्मीदवारों का पंजीकरण शुरू किया गया है। अगले तीन महीनों में लगभग ग्यारह हजार उम्मीदवारों को प्रशिक्षित किया जाएगा। शकील मलिक दक्षिण कश्मीर के एक व्यक्ति हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सहायक इलैक्ट्रिशियन के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। शकील ने कहा--
जनवरी से यह कोर्स लिया है असिस्टेंट इलैक्ट्रिशियन। साढ़े चार मंथ के करीब रहा मेरा कोर्स। बहुत फायदेमंद रहा क्योंकि हमने 12 पास किया था तो हम एक रूपया भी नहीं कमाते थे। जब हमने ट्रेनिंग लिया 13 हजार से 15 हजार तक हर एक लड़का कमाता है।
आशा की जाती है कि युवाओं को विश्व बाजार में लाभकारी रोजगार के लिए बाजार उन्मुक्त कौशल प्रदान कराने के लिए सभी कोशिशें जारी रहेंगी। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय हैः ‘‘स्किल इंडिया - कौशल भारत कुशल भारत’’।
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा।
श्रोता टोल फ्री नंबर 1 8 0 0 -1 1 - 5 7 6 7 पर स्टूडियो में मौजूद विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं।