मुख्य समाचार
---------------
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा सरकार बनाने से इनकार के बाद शिवसेना को राज्य में नई सरकार बनाने का न्यौता दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बताया है कि उनकी पार्टी सरकार नहीं बनाएगी और श्री कोश्यारी को इस बात से अवगत करा दिया गया है।
माननीय राज्यपाल महोदय जी ने भारतीय जनता पार्टी को नया सरकार बनाने के लिए न्यौता दिया, लेकिन जनादेश होने के बावजूद भी उसका अनादर करते हुए शिवसेना ने साथ में सरकार बनाने के लिए अनइच्छा व्यक्त की। इसलिए अब हम सरकार नहीं बनायेंगे।
राज्यपाल ने बाद में शिवसेना विधानमंडल दल के नेता एकनाथ शिंदे से इस मुद्दे पर अपनी इच्छा बताने को कहा है।
एक तरफ कांग्रेस ने अपने पत्ते खोलने से इनकार कर दिया है वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने शिवसेना से स्पष्ट कहा है कि उनकी पार्टी का समर्थन हासिल करने के लिए शिवसेना को एनडीए से अलग होना होगा। लेकिन शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि राज्य में हर कीमत पर उनकी पार्टी का ही मुख्यमंत्री बनेगा।
भाजपा और शिवसेना के बीच सत्ता में भागीदारी के मुद्दे पर विशेष रूप से मुख्यमंत्री पद बारी-बारी से बांटे जाने को लेकर गतिरोध बना हुआ है।
तेरहवीं विधानसभा का कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज अधिसूचना जारी की जाएगी। सात दिसम्बर को इस चरण में 20 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। दूसरे चरण के लिए नामांकन 18 नवम्बर तक भरे जा सकेंगे और अगले दिन उनकी जांच की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 21 नवम्बर है।
81 सदस्यों वाली झारखंड विधानसभा के चुनाव के लिए तीस नवम्बर से बीस दिसम्बर के बीच पांच चरणों में मतदान होगा। मतगणना 23 दिसम्बर को होगी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज शांति निकेतन में विश्व भारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रपति विश्वविद्यालय के विजि़टर भी हैं। वे दो हजार सात सौ ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगे।
पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान आज से संयुक्त अरब अमारात की तीन दिन की यात्रा पर हैं। श्री प्रधान यूएई के मिनिस्टर ऑफ स्टेट एवं एडीएनओसी के अध्यक्ष डॉ. सुलतान अहमद अल जाबेर के साथ मिलकर भारतीय पेट्रोलियम उद्योग संघ, हाईड्रोकार्बन महानिदेशालय और भारतीय उद्योग परिसंघ-सीआईआई द्वारा स्थापित भारतीय मंडप का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी में भारत सहित 23 देशों के मंडप शामिल हैं। एक रिपोर्ट-
केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान मंत्रिस्तरीय पैनल चर्चा में भी आज भाग लेंगे। हाईड्रोकार्बन महानिदेशालय द्वारा वैश्विक तेल और गैस की बड़ी कंपनियों द्वारा विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए एक रोड़-शो का भी आयोजन कर रही है। जिसे केन्द्रीय मंत्री श्री प्रधान संबोधित करेंगे। कंचन प्रसाद आकाशवाणी समाचार अबूधाबी।
पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त टी एन शेषन का कल रात चेन्नई में निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे और पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रहे थे। उनका हृदय गति रूक जाने से कल रात पौने दस बजे निधन हुआ। 1955 बैच के तमिलनाडु काडर के आई ए एस अधिकारी शेषन 1990 से 1996 तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त रहे। उन्होंने रक्षा सचिव और कैबिनेट सचिव समेत केन्द्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया, किन्तु उन्हें 1990 में मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनने के बाद ही लोकप्रियता मिली। अपने बेबाक अंदाज के लिए प्रख्यात शेषन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में अनेक बड़े चुनाव सुधार किये।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शेषन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट संदेश में श्री मोदी ने कहा है कि शेषन विलक्षण सरकारी अधिकारी थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव सुधारों की दिशा में शेषन के प्रयासों ने हमारे लोकतंत्र को और मजबूत और सहभागितापूर्ण बनाया है।
गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कांग्रेस नेता शशि थरूर और मिलिंद देवड़ा ने निर्वाचन आयोग में सुधारों के लिए टी.एन. शेषन को याद किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त टी.एन. शेषन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री अरोड़ा ने कहा कि टी एन शेषन एक महान व्यक्तित्व थे और वे हमारे तथा भविष्य के सभी मुख्य निर्वाचन आयुक्तों और निर्वाचन आयुक्तों के लिए हमेशा प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।
चक्रवात बुलबुल के असर से हुई भारी वर्षा और तेज आंधियों ने ओडिसा के तटवर्ती क्षेत्रों में तबाही मचा दी है। अधिकारियों ने बताया है कि राज्य में हजारों मकान को नुकसान पहुंचा है, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए तथा दूरसंचार सेवाएं बाधित हुई हैं। विशेष राहत आयुक्त पी.के. जेना ने बताया है कि 5 जिलों में 6 लाख हेक्टेयर भूमि पर लगभग चालीस प्रतिशत खड़ी फसलें बारिश और तूफान से नष्ट हो गई हैं। हमारी संवाददाता ने बताया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक आज प्रभावित जिलों का विमान से सर्वेक्षण करेंगे।
चक्रवात बुलबुल के कारण ओडिसा के छह जिलों में करीब 16 लाख बिजली उपभोक्ता पर असर पड़ा है। 15 लाख उपभोक्ताओं तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। कल तक शत-प्रतिशत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक आज दोपहर बाद चक्रवात प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। शाम को वे भुवनेश्वर में वीडियो कांफ्रेंस के जरिये प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों से बात करेंगे और चक्रवात के कारण हुए नुकसान और चलाए जा रहे राहत कार्यों का जायज़ा लेंगे। सम्बलपुर से एस.एन. पटनायक की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं संगीता बनर्जी।
पश्चिम बंगाल में चक्रवात बुलबुल से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या 10 तक पहुंच गई है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद खान ने बताया है कि भीषण चक्रवात का राज्य के 9 जिलों में 4 लाख 65 हजार से अधिक लोगों पर असर पड़ा है। 60 हजार से अधिक मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। राज्य प्रशासन स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रभावित जिलों में दल भेज रहा है।
केंद्र ने पश्चिम बंगाल सरकार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने स्थिति के बारे में जानकारी के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की है। गृह मंत्रालय स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और केंद्र तथा राज्य एजेंसियों से लगातार संपर्क में है।
उत्तर प्रदेश में पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करके शांति में बाधा पहुंचाने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुये पिछले 48 घंटे में 77 लोगों को गिरफ्तार किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अयोध्या, मथुरा और वाराणसी जैसे संवेदनशील शहरों सहित समूचे राज्य में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।
कल बारावफात के मौके पर वाराणसी, लखनऊ सहित तमाम शहरों में अल्पसंख्यक समुदाय की ओऱ से जुलूस निकाले गये। अयोध्या में भी कल भव्य सरयू आरती हुई और कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए श्रद्धालु राम की नगरी पहुंचने लगे हैं। पुलिस एतिहात बरत रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। पुलिस महानिदेशक के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक फेसबुक, ट्विटर और यू ट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की आठ हजार 2 सौ 75 पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस बीच राज्य में स्कूल आज लगातार तीसरे दिन भी बंद रहेंगे। सुशील चन्द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
वहीं, मध्य प्रदेश में ओरछा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्राचीन रामराजा मंदिर होने के कारण इसे दूसरा अयोध्या माना जाता है। ओरछा का रामराजा मंदिर भारत में एक मात्र ऐसा मंदिर है जहां पुलिसकर्मी भगवान राम को सशस्त्र नमन करते हैं। श्रद्धालुओं में यह मान्यता है कि भगवान राम रात्रि में अयोध्या जाने से पहले पूरे दिन ओरछा के महाराज के रूप में उपस्थित रहते हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
बताया जाता है कि ओरछा में इस मंदिर के कारण शहर में किसी अन्य वीआईपी को गार्ड ऑफ ऑनर नहीं दिया जाता। दिन में चार बार सशस्त्र पुलिस कर्मी राम राजा को गार्ड ऑफ ऑनर देते हैं। अयोध्या मामले में फैसले के बाद से ओरछा में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ गयी है। अब भक्तों को मेटल डिटेक्टर से गुजरना पड़ रहा है। मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति भी नहीं है। मंदिर के आसपास अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय का फैसला आने से एक दिन पहले जम्मू में एहतियाती उपायों के तौर पर लगाए गए प्रतिबंध कल रात हटा लिए गए। जम्मू के संभागीय आयुक्त संजीव वर्मा ने बताया कि शनिवार को बंद रहने के बाद सभी शैक्षिक संस्थान आज से खुल रहे हैं। एक रिपोर्ट-
जम्मू संभाग के मंडलायुक्त ने बताया कि शीतकालीन जोन में सभी परीक्षाएं रूटीन के अनुसार आज से होंगी। उन्होंने बताया कि संभाग सुरतेहाल की समीक्षा करने बाद ही धारा 144 पूरी तरह से हटाई गई। रेपीड एक्शन फोर्स और अर्धसैनिक बलों की टुकडि़यां संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेंगी। कश्मीर के मंडलायुक्त बशीर अहमद खान के अनुसार घाटी में स्कूल और कॉलेज आज से खुलेंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से आर.के. रैना।
गुरु नानक देव जी के पांच सौ 50वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आज नई दिल्ली में नगर कीर्तन निकाला जाएगा। शोभायात्रा शीशगंज गुरूद्वारे से सुबह दस बजे शुरू होगी और जी.टी.करनाल रोड स्थित गुरुद्वारा नानक प्याउ पर रात में लगभग नौ बजे संपन्न होगी। दिल्ली पुलिस ने यातायात परामर्श जारी किया है और यात्रियों से नगर कीर्तन के मार्ग पर पड़ने वाले रास्तों से बचने को कहा है।
आज राष्ट्रीय शिक्षा दिवस है। प्रत्येक वर्ष ग्यारह नवम्बर को यह दिवस स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर मनाया जाता है। महान स्वतंत्रता सेनानी और विलक्षण प्रतिभा के धनी मौलाना अबुल कलाम आजाद का देश की शिक्षा प्रणाली की आधारशिला रखने में महत्वपूर्ण योगदान है।
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक आज नई दिल्ली में युवाओं के लिए एक्टिव लर्निंग स्टडी वेब कार्यक्रम - स्वयम् के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। स्वयम् कार्यक्रम शिक्षा नीति के तीन प्रमुख सिद्धांतों - सब तक पहुंच, समानता और गुणवत्ता हासिल करने के लिए सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय हैः ‘‘आज का भारत और गुरूनानक देव की शिक्षाओं का महत्व’’।
कार्यक्रम एफ एम गोल्ड और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा।
श्रोता टोल फ्री नंबर 1 8 0 0 -1 1 - 5 7 6 7 पर स्टूडियो में मौजूद विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं।
ब्रिक्स का दूसरा शिखर सम्मेलन 13 और 14 नवम्बर को ब्राजील की राजधानी ब्रासिलिया में होगा। ब्रिक्स विश्व की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों- ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका का संगठन है। ब्रिक्स का गठन मुख्य रूप से आर्थिक विषयों पर चर्चा के लिए हुआ था लेकिन अब इस सगठन में राजनीतिक, सुरक्षा, सामाजिक-आर्थिक विषयों तथा लोगों के बीच सम्पर्क जैसे मुद्दों पर भी आपसी विचार विमर्श करने लगा है।
कल रात नागपुर में खेले गए तीसरे और अंतिम ट्वंटी-20 क्रिकेट मैच में भारत ने बंगलादेश को हराकर श्रृंखला 2-1 से जीत ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 174 रन बनाए। जवाब में बंगलादेश की टीम 19 ओवर दो गेंदों में 144 रन पर सिमट गई।
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
महाराष्ट्र में शिवसेना को सरकार बनाने का न्यौता देने की ख़बर अधिकतर अखबारों ने मुख पृष्ठ पर ली है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है - भाजपा का सरकार बनाने से इनकार, शिवसेना को न्यौता। राष्ट्रीय सहारा लिखता है - महाराष्ट्र में नया सियासी मोड़, भाजपा ने हाथ खड़े किए, शिवसेना के पाले में गेंद।
न फिजा में तनाव, न चेहरों पर शिकन, अयोध्या में कायम है गंगा जमुनी तहजीब दैनिक ट्रिब्यून के मुखपृष्ठ पर है। दैनिक जागरण अयोध्या मामले में आए ऐतिहासिक फैसले पर लिखता है - सौहार्द के साथ राम मंदिर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेगी केन्द्र सरकार। राजस्थान पत्रिका के शब्द हैं - मस्जिद के लिए भूमि की खोज तेज़, लेखपालों को जिम्मा।
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान बुलबुल के कहर से मची तबाही की ख़बर सभी अखबारों ने प्रमुखता से ली है। राजस्थान पत्रिका लिखता है - बंगाल में बुलबुल से दस की मौत।
आज निकलेगा सबसे बड़ा नगर कीर्तन नवभारत टाइम्स की सुर्खी है। गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व से एक दिन पहले जगह-जगह आयोजन की ख़बर अधिकतर अखबारों ने प्रकाशित की है।